नवगछिया में 6 वर्षीय बच्चे की हत्या का मामला: 24 घंटे में 3 गिरफ्तार, 2 विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध

भवानीपुर के बलहा गांव में झाड़ी से मिला था बच्चे का शव, पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने की बात पुलिस के सामने आई
नवगछिया । पुलिस जिला नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र के बलहा गांव में 6 वर्षीय बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को बच्चे की हत्या कर शव को घर से कुछ दूरी पर झाड़ी में फेंके जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद नवगछिया पुलिस अधीक्षक और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर भवानीपुर थाना कांड संख्या 243/26 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नवगछिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए मो. सत्तार, मो. सोनू और मो. हसनैन, सभी बलहा निवासी, को गिरफ्तार किया गया। साथ ही दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बच्चे की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के कारण पीड़ित परिवार से बदला लेने के उद्देश्य से वारदात किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



