भागलपुर

गंगा स्नान करने गई महिला की डूबने से मौत, सिकिया घाट पर मचा हड़कंप

बिहपुर प्रखंड अन्तर्गत लत्तीपुर उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या 12 निवासी विजय कुमार राय की पत्नी प्रभा देवी (60) की सोमवार को गंगा में डूबने से मौत हो गई। वह गंगा स्नान के लिए खरीक प्रखंड के सिकिया घाट गई थीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।

परिजनों के अनुसार प्रभा देवी सोमवार सुबह करीब पांच बजे सिकिया घाट पर गंगा स्नान करने पहुंची थीं। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। महिला के डूबने की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने नदी में उनकी तलाश शुरू की। बाद में मछुआरों की मदद से महिला के शव को गंगा से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलने पर मृतका के पुत्र आशीष कुमार समेत अन्य परिजन घाट पर पहुंचे। आशीष ने बताया कि उनकी मां सुबह गंगा स्नान के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान हादसा हो गया। उन्होंने घटना की जानकारी बिहपुर अंचलाधिकारी अदिति रंजन को भी दी।

सूचना मिलने पर बिहपुर और खरीक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। खरीक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

खरीक थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button