गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच CM सम्राट चौधरी का हवाई सर्वेक्षण, राघोपुर दियारा समेत बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा

पटना/भागलपुर । गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना, बेगूसराय और भागलपुर जिले के विभिन्न बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री ने नवगछिया के राघोपुर दियारा, कोसी-गंगा संगम क्षेत्र, बेगूसराय और बख्तियारपुर समेत कई इलाकों का हवाई निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के जलस्तर, दियारा क्षेत्रों और निचले इलाकों की स्थिति के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूरी तरह अलर्ट रहने और संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।
भागलपुर एयरपोर्ट पर हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने भागलपुर एयरपोर्ट पर उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बाढ़ की स्थिति, नदियों के जलस्तर, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पानी का दबाव तेजी से कम हो रहा है और जल्द ही स्थिति में सुधार होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक भोजन, पेयजल, राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया।
फरक्का बराज के सभी गेट खोले गए
समीक्षा बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री द्वारा पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद फरक्का बराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग को लगातार जलस्तर की मॉनिटरिंग करने और बाढ़ की स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अविलंब मरम्मती कार्य कराने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए सभी तैयारियां पूरी रखी जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को अविलंब मरम्मती कार्य कराने, संवेदनशील एवं निचले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और राहत-बचाव कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग को पूरी तरह मुस्तैद रहने और बाढ़ प्रभावित लोगों को एसओपी के अनुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ किए जाएं।
ये अधिकारी रहे मौजूद
हवाई सर्वेक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक (अभियान) कुंदन कृष्णन, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार, भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।




