भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। कटहरा हाई स्कूल की लिपिक रंजु कुमारी पर बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
ड्यूटी पर जाते समय अपराधियों ने रोका टोटो
जानकारी के अनुसार, रंजु कुमारी अपने गांव नारायणपुर से टोटो के माध्यम से कटहरा हाई स्कूल ड्यूटी के लिए जा रही थीं। जैसे ही टोटो सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के साधु बाबा स्थान के समीप पहुंचा, बाइक सवार दो बदमाशों ने टोटो को रोक लिया और उन्हें निशाना बनाकर लगातार दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। रंजु कुमारी ने किसी तरह अपनी जान बचाई, जबकि अपराधी फरार हो गए।
स्कूल पहुंचकर पुलिस को दी घटना की जानकारी
घटना के बाद रंजु कुमारी स्कूल पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी स्कूल प्रशासन एवं पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बीईओ संजीव कुमार, सांख्यिकी पदाधिकारी राकेश कुमार तथा सुल्तानगंज थाना अध्यक्ष धन्नजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता से पूछताछ की।
पीड़िता ने सुरक्षा और गिरफ्तारी की मांग की
रंजु कुमारी ने बताया कि हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि हमला अचानक हुआ, जिससे उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.


