पटना: बिहार की राजधानी पटना में चर्चित बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवीश उर्फ ‘बीसी’ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल वह पुलिस अभिरक्षा में है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि करबिगहिया निवासी कुख्यात अपराधी रवीश उर्फ बीसी बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित गंगा घाट के पास किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि घिरते ही आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी की गोली कोतवाली पुलिस की गाड़ी में जा लगी, हालांकि इस दौरान सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे।

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह गंगा घाट इलाके में किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी के आपराधिक नेटवर्क तथा उसके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।





