बिहारसड़क दुर्घटना

नवगछिया NH-31 पर भीषण सड़क हादसा: IOC के रिटायर्ड अधिकारी की मौत, PMCH में पढ़ रही डॉक्टर बेटी गंभीर घायल

नवगछिया: नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर रविवार तड़के करीब चार बजे एक भीषण सड़क हादसे में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) से सेवानिवृत्त अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी डॉक्टर पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भयावह था कि होंडा सिटी कार के परखच्चे उड़ गए। घायल डॉक्टर बेटी का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
रिटायरमेंट के दो दिन बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के मझौल थाना क्षेत्र निवासी 60 वर्षीय शंकर कुमार सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), असम से 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह परिवार के साथ अपने ससुर के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र स्थित महादेवपुर जा रहे थे।


दो वाहनों से सफर कर रहा था परिवार


परिवार दो वाहनों से यात्रा कर रहा था। आगे चल रही बोलेरो में उनका पुत्र और पत्नी सवार थे, जबकि पीछे होंडा सिटी कार स्वयं शंकर कुमार सिंह चला रहे थे। उनके साथ उनकी 25 वर्षीय पुत्री डॉ. शालू कुमारी थीं, जो पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में एमएस की पढ़ाई कर रही हैं।
सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रंगरा थाना क्षेत्र के अजय ढाबा के समीप पूर्णिया की ओर जा रही तेज रफ्तार कोहिनूर बस ने सामने से कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक शंकर कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गईं।


स्थानीय लोगों ने बचाई बेटी की जान


हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल डॉ. शालू कुमारी को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।


पुलिस ने बस और कार जब्त की


घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को जब्त कर लिया। मामले की जांच जारी है।


अस्पताल में मचा कोहराम


हादसे की खबर मिलते ही बेगूसराय और बांका से बड़ी संख्या में परिजन नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। सेवानिवृत्ति के बाद नए जीवन की शुरुआत का सपना कुछ ही घंटों में बिखर गया।


NH-31 की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल


इस हादसे के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर ओवरस्पीडिंग रोकने, नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Sujeet Singh

सुजीत कुमार बिहार के भागलपुर जिले के निवासी हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 8 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में विशेष रूप से क्राइम और राजनीति (पॉलिटिक्स) बीट पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की है। उनकी रिपोर्टिंग तथ्यपरक, निष्पक्ष और जमीनी मुद्दों पर आधारित मानी जाती है।सुजीत कुमार ने स्नातक (बी.ए.) की शिक्षा प्राप्त की है। अपने लंबे अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण घटनाओं, अपराध संबंधी मामलों और राजनीतिक गतिविधियों की प्रभावी कवरेज कर पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button